चेरुवुगट्टू मंदिर (Cheruvugattu Temple): चेरुवुगट्टु श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी (Sri Parvathi Jadala Ramalingeswara Swamy) मंदिर एक प्रसिद्ध शिव मंदिर है, जो तेलंगाना के नलगोंडा जिले के नारकेटपल्ली मंडल में स्थित चेरुवुगट्टु (येल्लारेड्डीगुडेम) गाँव की एक पहाड़ी पर स्थित है। चेरुवुगट्टु मंदिर नलगोंडा जिले से 21 किमी और हैदराबाद से करीब 90 किमी की दूरी पर है। यह पहाड़ी लगभग 48 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है और पूरी तरह से बड़े पत्थरों और पेड़ों से ढकी हुई है।
यह ‘श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी’ देवस्थानम भगवान शिव को समर्पित है। अमावस्या के दिन, भक्त एक रात के लिए मंदिर के अंदर या उसके आसपास सोते हैं। भक्तों का मानना है कि यदि वे मंदिर के अंदर या बाहर सोते हैं, तो उनकी सभी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी।
यह एक सुंदर झील (चेरुवु) के ठीक पास स्थित है, जिससे वास्तव में गांव का नाम चेरुवुगट्टू पड़ा। इस मंदिर को ‘मुडु गुंडलु’ (तीन शिलाओं वाला) भी कहा जाता है, क्योंकि यह तीन विशाल चट्टानों पर बना हुआ है।
मंदिर के आस-पास का ग्रामीण परिवेश और स्वच्छ वातावरण आध्यात्मिक रूप से मन को शांत करने वाला है। सुंदर हरे भरे खेतों और जलाशयों से घिरी हुई यह पहाड़ी इसकी शांत और दिव्य आभा को और भी निखार देती है।
चेरुवुगट्टू मंदिर के मुख्य रूप से भगवान शिव को समर्पित हैं, जिनकी पूजा ‘श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी’ के रूप में की जाती है और देवी पार्वती उनकी अर्धांगिनी हैं, यह मंदिर अपने वार्षिक ‘महाशिवरात्रि’ उत्सव और जन मानस की समस्याओं के समाधान के लिए मंदिर में ही ‘रात्रि विश्राम’ करने जैसी रीतियों के लिए प्रसिद्ध है।
चेरुवुगट्टू में ‘श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी’ मंदिर तेलंगाना के सबसे प्रतिष्ठित और प्राचीन शैव मंदिरों में से एक है, जो दक्षिण भारत में तेलुगु राज्य तेलंगाना और आंध्र प्रदेश, दोनों ही जगहों से भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर में ऊंची पहाड़ी पर स्थित तालाब का विशेष महत्व मन गया है श्रद्धालु मंदिर के पवित्र तालाब में डुबकी भी लगाते हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उनका मानना है कि इस पानी में औषधीय गुण हैं। मंदिर के पास मौजूद तीन बड़े ‘गुंडू’ (चट्टानें) भी भक्तों द्वारा पूजे जाते हैं।
भक्तों के लिए इतनी ऊंची पहाड़ी स्थित होने के कारण भी यह जलाशय धार्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से आकर्षण का केंद्र है
तेलंगाना के नलगोंडा ज़िले के पास स्थित यह मंदिर विशेष रूप से चेरुवुगट्टू जात्रा’ के लिए प्रसिद्ध है और यह दक्षिण भारत की सबसे बड़ी शिव जात्राओं (జాతర; Jatara) में से एक है, जहाँ हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं।
चेरुवुगट्टू मंदिर की स्थापना
चेरुवुगट्टू श्री रामलिंगेश्वर स्वामी’ मंदिर की स्थापना और इसका इतिहास बहुत समृद्ध है, जो कई सदियों पुराना माना गया है। श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी देवस्थानम चेरुवुगट्टू की पहाड़ी पर स्थित एक प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिर है। यहाँ स्थापित भगवान रामलिंगेश्वर स्वामी की प्रतिमा को “त्रेतायुग” में “भगवान परशुराम” द्वारा स्थापित किया गया था।
त्रेतायुग में, महिष्मति के अहंकारी राजा सहस्त्रबाहु कार्तवीर्य अर्जुन ने ऋषि जमदग्नि के आश्रम से दिव्य इच्छा-पूर्ति करने वाली ‘कामधेनु गाय’ और उसके बछड़े का अपहरण कर लिया था। यह घटना परशुराम की अनुपस्थिति में घटित हुई थी। जब परशुराम वापस लौटे और उन्हें इस घटना के बारे में पता चला, तो उन्होंने राजा सहस्त्रबाहु कार्तवीर्य अर्जुन का वध करने की प्रतिज्ञा की। नर्मदा नदी के तट पर दोनों के बीच हुए भीषण युद्ध में, परशुराम ने कार्तवीर्य अर्जुन का वध कर दिया। इसके पश्चात्, अपने पिता ऋषि जमदग्नि के निर्देशों का पालन करते हुए, परशुराम तीर्थयात्रा पर निकल पड़े और कठोर तपस्या में लीन हो गए।
परशुराम के वहाँ से चले जाने के बाद, कार्तवीर्य की मृत्यु का बदला लेने के लिए, हैहय वंश के लोगों ने ऋषि जमदग्नि का सिर धड़ से अलग कर दिया। जब यह खबर परशुराम तक पहुँची, तो वे आश्रम लौट आए। जमदग्नि के मृत शरीर पर तीरों से बने इक्कीस घाव थे। उन्हें देखकर परशुराम ने तुरंत यह प्रतिज्ञा की कि ‘वे पृथ्वी की इक्कीस बार परिक्रमा करेंगे, ताकि दुष्ट क्षत्रियों और हैहय वंश के लोगों को दंडित कर सकें और पृथ्वी को उनसे मुक्त करा सकें।
इस प्रतिज्ञा के अनुसार, वे अधर्मी क्षत्रियों का संहार करते और फिर तपस्या के लिए महेंद्र पर्वत पर लौट जाते। जब भी दुष्ट क्षत्रियों का उत्पात बढ़ता, वे वापस आते और उनका वध करते। उन्होंने ऐसे इक्कीस अभियान पूरे किए। उन्होंने अपनी अंतिम लड़ाई समंतपंचक में लड़ी। वहाँ उन्होंने क्षत्रियों के रक्त से सने अपने फरसे (परशु) को धोया और उसे वहीं रख दिया।
पृथ्वी की इक्कीस बार परिक्रमा करते हुए, परशुराम ने अपनी दिव्य ऊर्जा से 108 तीर्थ क्षेत्रों (तीर्थस्थल) की स्थापना की; ये क्षेत्रीय देवताओं (क्षेत्रपाल देवता) के मंदिर थे। इससे पहले, संत केवल इन स्थानों के बारे में जानते थे, लेकिन वहाँ किसी ने मंदिर या पवित्र पीठों की स्थापना नहीं की थी। इन 108 मंदिरों में से अंतिम मंदिर ‘श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी देवस्थानम’ मन जाता है, जो चेरुवुगट्टू की पहाड़ी पर स्थित है और जिसकी स्थापना भगवान परशुराम ने की थी।
प्रचलित प्राचीन संदर्भ के अनुसार त्रेतायुग में, भगवान परशुराम ने एक छोटे से परिसर में पश्चिममुखी शिवलिंग की स्थापना की थी, यह शिवलिंग दिन-ब-दिन आकार में बढ़ता जा रहा था जिसको रोकने के लिए परशुराम ने अपने दिव्य अस्त्र फरसे से इस शिवलिंग पर प्रहार किया, जिससे शिवलिंग का बढ़ना रुक गया। आज भी उस शिवलिंग के ऊपरी भाग पर उस प्रहार का निशान मौजूद है। परशुराम द्वारा स्थापित यह पश्चिममुखी शिवलिंग पूरे भारत में अपनी तरह का एकमात्र शिवलिंग है।
स्थानीय शिलालेखों और मौखिक परंपराओं से ज्ञात होता है कि, यह मंदिर काकतीय काल (Kakatiya period) के दौरान भी मौजूद था। काकतीय साम्राज्य में पूरे दक्षिण भारत में शैव भक्ति या शिवशक्ति को पूरे सम्मान के साथ पूजा जाता था। प्राचीन काल में राजाओं, संतों और स्थानीय समुदायों ने यहाँ ‘श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी’ की पूजा की है, और उन्हें अपने एक ऐसे रक्षक देवता के रूप में माना है जो फसलों, पशुओं और परिवारों की देखभाल करते हैं।
पुरातन समय में विभिन्न स्थानिए हिन्दू राजवंशों ने मंदिर के नवीनीकरण और विस्तार का कार्य किया है, जिससे मंदिर की आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखने में मदद मिली है।
चेरुवुगट्टू मंदिर वास्तुकला की पुराणिक द्रविड़ शैली को प्रदर्शित करता है, जिसका डिज़ाइन सरल होने के साथ-साथ अत्यंत आध्यात्मिक भी है। इसमें पत्थर से बना गर्भगृह (Sanctum) और शिवलिंग है.
चेरुवुगट्टू मंदिर में दर्शन का समय
दर्शन का समय सुबह: 5:30 AM – 1:00 PM
दर्शन का समय शाम: 4:00 PM – 9:00 PM
मंदिर प्रशासन द्वारा त्योहारों या विशेष माह के सोमवार के दिन मंदिर खुलने का समय ज्यादा कर दिया जाता है
चेरुवुगट्टू मंदिर में अनुष्ठान और सेवा
चेरुवुगट्टू मंदिर में, शैव आगम परंपराओं के अनुरूप दैनिक और विशेष अनुष्ठान और सेवा आयोजित किए जाते हैं। जिनमें दैनिक अनुष्ठान जैसे सुप्रभात सेवा; शिव लिंग का अभिषेक; अलंकारम्; संध्या दीपाराधना इसके साथ ही विशेष अनुष्ठान और सेवा में रुद्राभिषेकम्; महाअभिषेकम; प्रदोष पूजा शामिल हैं।
यह मंदिर सिर्फ़ पूजा के लिए ही नही अपितु तेलुगु ग्रामीण शैव संस्कृति का एक गौरवशाली प्रतीक भी है। आसपास के गाँव वालों के लिए, ‘रामलिंगेश्वर स्वामी’ को परिवार का रक्षक और उनकी खेती-बाड़ी वाली जीवनशैली का रखवाला भी माना जाता है।
यह जतारा (जात्रा/मेला) स्थानीय लोगों की रोज़ी-रोटी, कारीगरों और लोक कलाकारों को सहारा देने में भी अहम भूमिका निभाता है।

चेरुवुगट्टू मंदिर कैसे पहुँचें
श्री पार्वती जडाला रामलिंगेश्वर स्वामी देवस्थानम, नलगोंडा जिले के नारकेटपल्ली मंडल के चेरुवुगट्टू गाँव में एक छोटी पहाड़ी पर स्थित है। यह नारकेटपल्ली मंडल मुख्यालय से 4 किमी की दूरी पर, हैदराबाद से विजयवाड़ा जाने वाले N.H. No.9 मार्ग पर स्थित है, और नलगोंडा जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर है।
मंदिर तक पहुँचने के लिए, नारकेटपल्ली से नलगोंडा जाने वाले मार्ग पर स्थित येल्लारेड्डीगुडेम गाँव के बस स्टॉप से ऑटो लिया जा सकता है, नारकेटपल्ली से भी यहाँ आने-जाने की सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
विशेष दिनों, जैसे अमावस्या और जतारा (हर माघ शुद्ध सप्तमी से द्वादशी तक) के दौरान, हैदराबाद के मुख्य बस स्टेशन (इमलीबन) और इब्राहिमपटनम से यहाँ के लिए सीधी बसें उपलब्ध रहती हैं।
हिन्दू त्योहार या अन्य महत्वपूर्ण तिथियों पर यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाईट पर जानकारी अवश्य प्राप्त करें।





